लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा से सत्यनारायण सेन
भीलवाड़ा: भीलवाड़ा–करेड़ा मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मांडल थाना क्षेत्र के सिद्धनपुरा के पास तेज रफ्तार और ओवरटेक के प्रयास में एक प्राइवेट बस बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतरते हुए पलट गई। बस में उस समय करीब 50 से 55 यात्री सवार थे।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद 20–25 ग्रामीणों ने मानवता की मिसाल पेश की। ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और फिर सभी ने मिलकर हाथों से बस को उठाया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई यात्री नीचे फंसा न हो।
दो दर्जन से ज्यादा यात्री घायल
इस हादसे में करीब 20 से 25 यात्रियों को चोटें आई हैं। घायलों को भगवानपुरा और मांडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीन गंभीर घायलों को 108 एम्बुलेंस से उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
मोड़ पर ओवरटेक बना हादसे की वजह
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस चालक आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सड़क के मोड़ पर बस का संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शी बोले – धमाके के साथ पलटी बस
मौके पर मौजूद ग्रामीण रामधन ने बताया कि जोरदार धमाके की आवाज सुनकर वे दौड़कर पहुंचे। बस पलटी हुई थी और यात्री चीख-पुकार कर रहे थे। सभी ग्रामीणों ने मिलकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
यात्री ने लगाया लापरवाही का आरोप
बस में सवार नारायणलाल ने बताया कि बस पूरी तरह भरी हुई थी और चालक से धीरे चलाने को कहा गया था, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। ओवरटेक करते समय ही बस हादसे का शिकार हो गई।
पुलिस ने जेसीबी से बस सीधी करवाई
सूचना मिलने पर मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी मशीन की मदद से बस को सीधा कराया गया और यातायात बहाल किया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।















































