लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजस्थान को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्वच्छता समाज और सरकार की साझा जिम्मेदारी है और प्रदेश को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने आमजन से स्वच्छता योद्धाओं का सम्मान और सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि इनके मनोबल से ही स्वच्छता अभियान को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री शर्मा रविवार को जयपुर स्थित ऐतिहासिक जल महल की पाल पर आयोजित राज्य स्तरीय स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
जल महल हमारी सांस्कृतिक धरोहर, स्वच्छ रखना नागरिक कर्तव्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल महल राजस्थान की गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर है और सार्वजनिक स्थलों व धरोहरों की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक को स्वच्छ पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि इसके नियंत्रण के लिए राज्य सरकार प्रभावी एक्शन प्लान के साथ आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जल महल की पाल पर स्वयं श्रमदान किया, झाड़ू लगाई, कचरा संग्रहित किया तथा पौधारोपण कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर उन्होंने—
-
स्वच्छता योद्धाओं को पीपीई किट वितरित की
-
चयनित लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि योजना के चेक प्रदान किए
-
रोड स्वीपिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
-
‘इंप्लिमेंटेशन प्लान फॉर सिंगल यूज प्लास्टिक फ्री सिटीज’ पुस्तिका का विमोचन किया
-
स्वच्छता कर्तव्य पट्ट पर हस्ताक्षर किए

स्वच्छ भारत मिशन से बदली देश की सोच और आदतें
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2 अक्टूबर 2014 को शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन से देश में अभूतपूर्व जनजागरण हुआ है। सड़कों और नालियों की सफाई के साथ-साथ लोगों की आदतों में भी सकारात्मक बदलाव आया है। अब तक देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह मिशन जनस्वास्थ्य, महिलाओं के सम्मान और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को नया आयाम दे रहा है।

राजस्थान के 42,492 गांव ओडीएफ प्लस घोषित
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने में राजस्थान अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
-
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 2.62 लाख व्यक्तिगत और 4,000 से अधिक सामुदायिक शौचालय बने
-
प्रदेश के 42,492 गांवों को ओडीएफ प्लस घोषित किया जा चुका है
उन्होंने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जल स्रोतों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और विद्यालयों की साफ-सफाई में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

पारदर्शी भर्ती, भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है।
-
दो वर्षों में 92 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां

-
शीघ्र ही 20 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित होंगे
-
1.53 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय पेपर लीक की घटनाएं हुईं, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ और भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है।

किसान, उपभोक्ता और उद्योगों को निर्बाध बिजली
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास, माही बांध और सोम-कमला-अंबा परियोजनाओं से जल उपलब्धता बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

पीएम स्वनिधि योजना से स्ट्रीट वेंडर्स सशक्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना ने स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक मजबूती, आत्मनिर्भरता और नई ऊर्जा प्रदान की है। यह योजना असंगठित क्षेत्र के लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित
इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा एवं बालमुकुंदाचार्य, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, प्रमुख शासन सचिव नगरीय विकास एवं आवासन डॉ. देबाशीष पृष्टी, जयपुर नगर निगम प्रशासक पूनम सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।















































