लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भारतीय जनता पार्टी के मीडिया विभाग की एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश मीडिया टीम के साथ सभी जिला मीडिया संयोजक जुड़े। बैठक में राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ तथा प्रदेश प्रवक्ता एवं जयपुर उत्तर जिला प्रभारी लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और आगामी जनसंपर्क कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की।
हर विधानसभा तक पहुंचेगा उपलब्धियों का रथ
अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि राजस्थान सरकार ने बीते दो वर्षों में जनसेवा को सर्वोपरि रखते हुए राज्यभर में तीव्र गति से विकास कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों को आमजन तक पहुँचाने के लिए 200 विकास रथ प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे। उन्होंने कहा कि मीडिया विभाग की प्रदेश टीम और सभी जिला संयोजकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे विकास रथों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करें।
मीडिया टीम करेगी प्रत्येक विधानसभा पर संयोजन : प्रमोद वशिष्ठ
प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ ने कहा कि भजनलाल सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों का रथ जन-जन तक पहुंचेगा। प्रदेश मीडिया टीम एवं जिले के सभी मीडिया संयोजकों द्वारा मंडल स्तर और सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में विकास रथों के माध्यम से सरकार के कार्यों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में प्रभारी मंत्री और स्थानीय नेतृत्व के सहयोग से जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनकी जानकारी नियमित रूप से प्रेस के माध्यम से साझा की जाएगी।
पंचायत स्तर तक पहुंचेगी विकास यात्रा : लक्ष्मीकांत भारद्वाज
प्रदेश प्रवक्ता एवं जयपुर उत्तर जिला प्रभारी लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने कहा कि दो वर्ष पूर्व राजस्थान की जनता ने भाजपा को सेवा का अवसर दिया, जिसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पूरी निष्ठा से निभाया गया है। उन्होंने कहा कि ‘युवा शक्ति से समृद्ध राजस्थान’ के मूल मंत्र के साथ डबल इंजन सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। युवाओं का उत्थान, गरीबों को संबल और सम्मान—यही भजनलाल सरकार की पहचान है।
उन्होंने बताया कि विकास रथों के माध्यम से सरकार के कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पंचायत स्तर तक पहुँचाई जाएगी।














































