- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़
जयपुर। मालवीय नगर थाना क्षेत्र के गिरधार मार्ग स्थित रेज़िडेंशियल एरिया में बिना अनुमति बनाई गई पाँच मंजिला होटल पर शनिवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरी इमारत को ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार यह होटल लगभग 250 वर्ग गज के आवासीय भूखंड पर अवैध रूप से तैयार किया जा रहा था। भवन में बेसमेंट सहित पाँच मंजिलें बनाई जा चुकी थीं। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद JDA की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और मशीनों की मदद से पूरी इमारत को जमीनदोज कर दिया।
अनुमति का दावा, लेकिन दस्तावेज़ों में खामियां
होटल संचालक का कहना था कि उन्होंने निर्माण के लिए नगर निगम में 1.25 लाख रुपये जमा कराए हैं, साथ ही आर्किटेक्ट द्वारा तैयार नक्शा भी मौजूद है। मालिक ने टीम को यह भी बताया कि भवन का नक्शा पास करवाने की प्रक्रिया चल रही थी।
हालांकि JDA अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेज़िडेंशियल क्षेत्र में किसी भी व्यावसायिक निर्माण के लिए जेडीए से अनुमोदन अनिवार्य है। टीम के मुताबिक होटल मालिक द्वारा प्रस्तुत दस्तावेज़ अधूरे और नियमों के विरुद्ध थे।
नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
जेडीए अधिकारियों ने बताया कि आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों और ऊँची इमारतों के निर्माण पर सख़्त रोक है। बिना अनुमति बने इस भवन से न केवल क्षेत्र की संरचना प्रभावित हो रही थी, बल्कि सुरक्षा मानकों का भी पालन नहीं किया गया था।
कार्यवाही के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया गया।
- Advertisement -















































