लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों का हुआ सम्मान
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर मंगलवार को उनियारा में दिव्यांग छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली नगर पालिका परिसर से शुरू होकर बस स्टैंड होते हुए टोंक रोड स्थित विद्यालय पहुंची। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शंकर लाल टांडा और भाजपा मंडल अध्यक्ष ममता साहू शामिल हुए।
रैली के बाद आयोजित सम्मान समारोह में स्पेशल ओलम्पिक भारत राजस्थान गेम्स ऐथलेटिक्स 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग बच्चों को सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रतिभाशाली बच्चों ने प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीतकर उनियारा का नाम रोशन किया।
मुख्य अतिथि शंकर लाल टांडा ने विश्व दिव्यांग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस दिन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज में समान अधिकार और सम्मान दिलाना है। उन्होंने कहा कि भेदभाव समाप्त कर दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ममता साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिव्यांग व्यक्तियों को सुलभ वातावरण और अवसर प्रदान करने के लिए विशेष पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि समाज और नीतियां दिव्यांगजनों के अनुकूल होंगी, तो सामाजिक समानता और प्रगति संभव हो सकेगी।
कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और प्रेरक कहानियाँ भी प्रस्तुत कीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।
दिव्यांग दिवस कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष नमो नारायण गोत्तम, भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य जगदीश साहू, महामंत्री मनोज शर्मा, विद्यालय अधीक्षक नवल शर्मा, दिव्यांगजन कल्याण समिति टोंक के उप सचिव अशोक कुमार सैनी, शादाब खान, संजय कुमार, लोकेश भारद्वाज, शैतान यादव, अंतिमा शर्मा, सीताराम चौधरी, अभिषेक गुर्जर, मीनू नरूका सहित अनेक दिव्यांगजन और नागरिक उपस्थित रहे।
















































