लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीकरणपुर CHC में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रिपोर्ट: मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर/श्रीकरणपुर।
हर वर्ष 1 दिसंबर को मनाए जाने वाले विश्व एड्स दिवस के अवसर पर श्रीकरणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दिवस का उद्देश्य लोगों को एड्स (Acquired Immuno Deficiency Syndrome) तथा इसे फैलाने वाले एचआईवी वायरस के प्रति जागरूक करना है। दुनियाभर में यह दिवस सरकारी संस्थाओं, गैर-सरकारी संगठनों, स्वास्थ्य एजेंसियों और नागरिक समाज द्वारा विभिन्न जागरूकता अभियानों के माध्यम से मनाया जाता है।
श्रीकरणपुर CHC में आयोजित कार्यक्रम में डॉक्टरों ने मरीजों की जांच की और एचआईवी/एड्स से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। सभी डॉक्टरों व स्टाफ ने रेड रिबन पहनकर जागरूकता का संदेश दिया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. नीरज अरोड़ा ने कहा कि एचआईवी/एड्स से बचाव का सबसे बड़ा हथियार सही जानकारी और जागरूकता है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित आदतें अपनाने, बीमारी से जुड़े भ्रमों को दूर करने और नशे से दूर रहने की अपील की।
उन्होंने बताया कि नशा कई सामाजिक व स्वास्थ्य समस्याओं की जड़ है और यह एचआईवी संक्रमण के जोखिम को भी बढ़ा देता है। इसलिए नशा मुक्ति अभियान समय की मांग है।
डॉ. अरोड़ा ने यह भी स्पष्ट किया कि सीएचसी में एड्स की जांच पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध है तथा एचआईवी पॉजिटिव मरीजों की गोपनीयता पूर्ण सुरक्षित रखी जाती है। उन्होंने कहा कि “डरने की बजाय सावधानी, परहेज और समय पर परामर्श से प्रभावी इलाज संभव है।”
कार्यक्रम में डॉ. रोहिताश नायक, डॉ. अजयप्रकाश चौधरी, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. राजबाला, वरिष्ठ अधिवक्ता संजय गुप्ता और नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार विश्व एड्स दिवस की औपचारिक घोषणा वर्ष 1995 में अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन द्वारा की गई थी। अनुमान है कि 1981 से 2007 के बीच लगभग 25 लाख लोगों की मौत एचआईवी संक्रमण से हुई, जबकि 2007 में एंटीरेट्रोवायरल दवाएं उपलब्ध होने के बावजूद लगभग 2 लाख लोग, जिनमें 27,000 बच्चे भी शामिल हैं, संक्रमण से प्रभावित पाए गए थे।
कार्यक्रम जागरूकता और स्वास्थ्य सुरक्षा के संदेश के साथ सम्पन्न हुआ।

















































