लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनीयारा (सत्यप्रकाश मयंक)। बूंदी जिले के नैनवां कस्बे में स्थित पंचायत समिति के प्रधान पदम कुमार नागर ने एक अनुकरणीय कदम उठाते हुए कार्यालय में सुरक्षा गार्ड का कार्य कर रहे दिवंगत ओमप्रकाश शर्मा के परिवार को आर्थिक सहायतार्थ राशि सौंपी।
जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश शर्मा, जो पिछले 15 वर्षों से सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे, का असामयिक निधन हो गया। इस अवसर पर प्रधान पदम कुमार नागर ने नगरफोर्ट जाकर परिवार को सांत्वना दी और पंचायत समिति की ओर से एकत्रित 1,31,700 रुपये की राशि का चेक भेंट किया।
प्रधान ने बताया कि ओमप्रकाश शर्मा ने लंबे समय तक अपने कार्यालय में कार्य करते हुए परिवार का पालन-पोषण किया। उनकी परिवारिक आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह सहयोग प्रदान किया गया ताकि उनकी पुत्री की शिक्षा में कोई व्यवधान न आए।
इस दौरान प्रधान के साथ विकास अधिकारी नरेंद्र सिंह झाला, सहायक अभियंता चम्पा लाल और पंचायत समिति के कई अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।













































