लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। जयपुर के मिलिट्री स्टेशन में आयोजित सप्त शक्ति आर्मी वुमन वेलफेयर एसोसिएशन एवं स्पेशल ओलंपिक भारत राजस्थान चैप्टर के दो दिवसीय स्टेट गेम्स एथलेटिक्स 2025 में टोंक जिले के दो विद्यालयों के मानसिक विमंदित छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 पदक अपने नाम किए।
शहर के चेतना विशेष आवासीय विद्यालय की संचालिका चेतना शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में श्री भैया शिक्षा समिति टोंक और चेतना विशेष आवासीय विद्यालय उनियारा के दिव्यांग बच्चों ने खेलकूद में भाग लेकर 3 गोल्ड, 5 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज पदक जीतकर संस्थाओं, उनियारा और टोंक जिले का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी रही, जिन्होंने ‘चिल्ड्रन विद स्पेशल नीड्स’ पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह मंच न केवल विशेष एथलीट्स को प्रोत्साहित करता है, बल्कि समाज में जागरूकता भी बढ़ाता है।
स्पेशल ओलंपिक भारत की अध्यक्ष डॉ. मल्लिका नड्डा ने सभी दिव्यांगों की सराहना की और बताया कि राजस्थान से चयनित एथलीट दिल्ली में आयोजित होने वाले नेशनल स्पेशल ओलंपिक भारत गेम्स में हिस्सा लेंगे।
सभी विजेताओं को संस्था सचिव विशाल शर्मा और संचालिका चेतना शर्मा ने बधाई दी और उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में कोच जमीर खान और शादाब खान का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर नरेन्द्र शर्मा, देवनारायण गुर्जर, सोनू पालीवाल, जाबिर खान, नवल शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








































