लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सुगम और अत्याधुनिक परिवहन तंत्र विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। जयपुर की बढ़ती जनसंख्या और यातायात दबाव को देखते हुए जयपुर मेट्रो का विस्तार शहरवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। उन्होंने कहा कि मेट्रो फेज-2 से राजधानी में परिवहन और ट्रैफिक प्रबंधन दोनों में सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जयपुर मेट्रो विस्तार संबंधी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेट्रो फेज-2 परियोजना में लागत और खर्चों का सटीक आकलन किया जाए ताकि वित्तीय संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके और आमजन को मजबूत परिवहन व्यवस्था उपलब्ध हो।
भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनेगा मेट्रो रूट
शर्मा ने कहा कि नए मेट्रो स्टेशनों का निर्माण ऐसे क्षेत्रों में किया जाए जहाँ यातायात का दबाव अधिक है, ताकि लोगों को ट्रैफिक से राहत मिले।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जयपुर मेट्रो फेज-2 की डीपीआर राज्य सरकार द्वारा अनुमोदित कर केंद्र सरकार को भेज दी गई है। मंजूरी मिलते ही परियोजना का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
फेज-2 का रूट और विशेषताएं
-
कुल लंबाई: लगभग 42.80 किमी
-
कुल स्टेशन: 36 (34 एलीवेटेड, 2 अंडरग्राउंड)
-
प्रमुख स्थान: सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, वीकेआई, जयपुर एयरपोर्ट, जयपुर रेलवे स्टेशन, गांधी नगर रेलवे स्टेशन
-
जुड़े क्षेत्र: एसएमएस स्टेडियम, एसएमएस हॉस्पिटल, कलेक्ट्रेट, विद्याधर नगर, अंबाबाड़ी, टोंक रोड, सीकर रोड सहित प्रमुख आवासीय व व्यावसायिक क्षेत्र

इसके अलावा बैठक में फेज-3 (A, B, C) के प्रस्तावित रूट पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना के विस्तार के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



















































