लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा, पंकज पोरवाल
262 रोगियों की हुई जांच | 121 मोतियाबिंद ऑपरेशन सफल
लायंस क्लब हमेशा सेवा के लिए तत्पर रहेगा: अध्यक्ष पवन पंवार
भीलवाड़ा। लायंस क्लब भीलवाड़ा द्वारा संचालित लायंस आई हॉस्पिटल और लोक मंगल सेवा समिति, घोड़ास के संयुक्त तत्वावधान में घोड़ास मांडल में एक विशाल निःशुल्क नेत्र जाँच एवं ऑपरेशन शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर श्री श्री 1008 महंत गोविंद दास त्यागी व परसराम दास त्यागी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया।
क्लब अध्यक्ष अधिवक्ता पवन पंवार ने बताया कि शिविर में कुल 262 रोगियों की आंखों की जांच की गई। इनमें से 147 मरीज ऑपरेशन के लिए चयनित हुए, जिनमें 121 मोतियाबिंद के सफल ऑपरेशन लायंस आई हॉस्पिटल में डॉ. अंशु बोरदिया और उनकी टीम द्वारा किए गए।
हॉस्पिटल प्रभारी लायन जे.के. बागड़ोदिया एवं एल.बी. रांका ने बताया कि ऑपरेशन के बाद सभी मरीजों को निःशुल्क दवाइयां, चश्मे और डिस्चार्ज टिकट देकर सम्मानपूर्वक घर के लिए रवाना किया गया।
अध्यक्ष पवन पंवार ने कहा कि लायंस क्लब भीलवाड़ा वर्षभर जरूरतमंद व्यक्तियों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेगा। शिविर की सफलता में लायन वी.के. मानसिंहका, लायन विनोद जैन, लायन आनंदीलाल चौधरी सहित सभी लायंस सदस्यों और लोक मंगल सेवा समिति घोड़ास के पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


















































