लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
रिकॉर्ड समय में 35 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण, 28 हजार नियुक्तियां दी जा चुकीं
जयपुर, 05 नवम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल और प्रतिबद्धता ने राजस्थान में चिकित्सा क्षेत्र में रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं दोनों में नई ऊर्जा भर दी है। राज्य सरकार की प्राथमिकता के तहत चिकित्सा विभाग ने मिशन मोड में कार्य करते हुए रिकॉर्ड समय में 35 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण कर ली है, जिनमें से 28 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि सरकार के कार्यकाल के दौरान अब तक 91 हजार से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.5 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विभाग ने 50 हजार पदों पर भर्ती का लक्ष्य रखा था, जिसमें से अब तक अधिकांश कार्य पूरा कर लिया गया है।
प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि विभाग ने अराजपत्रित संवर्ग में 20,630, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 10,657, मेडिकल ऑफिसर के 1,700, और चिकित्सा शिक्षा विभाग में 2,300 से अधिक पदों पर भर्तियां की हैं। शेष पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जारी है।
15 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन
वर्तमान में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 12 हजार, आयुष अधिकारी के 1,535, और अन्य पदों जैसे ब्लॉक हैल्थ सुपरवाइजर, काउंसलर, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर, साइकोलॉजिस्ट आदि पर भर्ती कार्य जारी है।
भर्तियों से स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार
वर्षों से लंबित भर्तियों के पूर्ण होने से अब शहरों, कस्बों और सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता बढ़ी है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और आमजन को उपचार के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।
भर्तियों से न केवल स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिली है, बल्कि राज्य के हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर भी प्राप्त हुआ है — जो मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनसेवा और सुशासन की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।














































