लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
प्याज, खाद, बीज व कृषि उपकरण बने आग की भेंट, करीब डेढ़ लाख का नुकसान
पीसांगन (अजमेर)। स्थानीय संवाददाता – ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन उपखंड के गोविंदगढ़ गांव में लगातार दूसरे दिन आगजनी की घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गांव के समीप स्थित कुएं पर बने छप्परपोश मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे प्याज, खाद, बीज, कृषि उपकरण सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोविंदगढ़ निवासी मदनलाल कुमावत के खेत में बने छप्परपोश मकान में अचानक आग भड़क उठी। धधकते मकान को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आस-पास के लोग व किसान परिवार पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए, लेकिन तब तक मकान में रखा सारा सामान आग की लपटों में समा गया।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में करीब सवा से डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पीसांगन थानाधिकारी प्रहलाद सहाय, जो पुष्कर मेले में ड्यूटी पर तैनात थे, ने तत्काल एएसआई सुरेंद्र कुमार को मय जाप्ता मौके पर भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।















































