लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
शहर में शुक्रवार को आंवला नवमी का पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया गया। श्रद्धालु महिलाओं ने समूह में बाटुंडा धाम पहुंचकर विशाल आंवला वृक्ष की पूजा-अर्चना की।
महिलाओं ने वृक्ष को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा, गीत गाते हुए 108 परिक्रमा लगाई और कथा श्रवण के साथ प्रसादी व वस्त्र अर्पित किए। वृक्ष के नीचे बैठकर महिलाओं ने भजन-कीर्तन भी किए। सभी ने चुनरी और पीले वस्त्र धारण कर पर्व की पारंपरिक छटा बिखेरी।
शहर के प्रमुख मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना हुई। राम रघुनाथ मंदिर में कार्तिक स्नान करने वाली महिलाओं ने भगवान राम-जानकी को आंवला माला अर्पित की।
श्रद्धालु रमेश जांगिड़ ने बताया कि पुराणों के अनुसार आंवला वृक्ष में भगवान विष्णु का निवास होता है। इस दिन पूजा करने से पुण्य, सौभाग्य, आरोग्य और लक्ष्मी-कृपा की प्राप्ति होती है।
इस अवसर पर अनीता बढ़ाया, संतोष जांगिड़, गायत्री शर्मा, ममता साहू, शांति खंडेलवाल, पूजा सोनी, ज्योति सैनी, कैलाश कुमारी सैनी सहित अनेक श्रद्धालु महिलाएं उपस्थित रहीं।













































