लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को सशक्त करने का आह्वान
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
‘भारत रत्न’ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पटेल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया, प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश भड़ाना, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सह प्रभारी भवानी शंकर शर्मा, रजनीश चनाना सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभी ने देश की एकता, अखंडता और विकास में सरदार पटेल के योगदान को याद किया।
‘हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी’ अभियान का शुभारंभ
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को सशक्त करने हेतु भाजपा कार्यालय परिवार ने ‘हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी अपनाओ’ अभियान की शुरुआत की।
प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का संकल्प पत्र भरकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का वचन दिया।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाना देश की आर्थिक प्रगति, आत्मसम्मान और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। भाजपा परिवार समाज के हर वर्ग को इस दिशा में प्रेरित करेगा और “स्वदेशी से आत्मनिर्भरता” का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा।

नारायण पंचारिया ने दिलाई स्वदेशी अपनाने की शपथ
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया ने सभी सदस्यों को स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब हर नागरिक स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देगा और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा।
भाजपा परिवार ने निर्णय लिया कि आने वाले समय में प्रदेशभर में ‘हर घर स्वदेशी’ जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार किया जा सके।
















































