लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
गुरला (सत्यनारायण सेन गुरला): सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) द्वारा आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान में कार्यकर्ताओं से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का आह्वान किया गया। यह कार्यक्रम विनायक विधापिठ स्कूल भुणास सभागार में सहाड़ा-रायपुर-हमीरगढ़ विधानसभा स्तरीय आयोजित किया गया।
मुख्य वक्ता सोमकान्त जी शर्मा, प्रदेश संयोजक विशेष सम्पर्क प्रकोष्ठ एवं भा.ज.पा. भरतपुर संभाग सह प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और आज भारत की वैश्विक चर्चा आवश्यक हो गई है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की।
सहाड़ा विधानसभा विधायक लादू लाल पितलिया ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर स्वदेशी जागरण की जानकारी दें और स्वदेशी उत्पादों का उपयोग बढ़ावा दें। उन्होंने विदेशी वस्तुओं के उपयोग पर भी चेतावनी दी और कहा कि ऑनलाइन खरीदारी से विदेशी ताकतों को बल मिलता है।
भीलवाड़ा के जिला अध्यक्ष प्रशान्त मेवाड़ा ने कहा कि मोदी सरकार ने देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं, जिनके परिणाम सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि यदि देशवासी स्वदेशी वस्तुएं अपनाते हैं, तो भारत पूरी तरह आत्मनिर्भर बनकर विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्था बन सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सोमकान्त जी शर्मा, सहाड़ा विधायक लादू लाल पितलिया, भा.ज.पा. जिलाध्यक्ष प्रशान्त मेवाड़ा, पूर्व विधायक डॉ. बालू राम चौधरी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रूपलाल जाट, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष शंकरलाल जाट, जिला परिषद सदस्य नंदलाल गुर्जर, सुवाणा प्रधान फुलकवर चुंडावत, सहाड़ा प्रधान मांगी देवी भील, विधानसभा संयोजक रामेश्वर छिपा, जिला मंत्री मांगीलाल गुर्जर, मंडल अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम ने कार्यकर्ताओं में स्वदेशी अपनाने और भारत को आत्मनिर्भर बनाने की भावना को और मजबूत किया।













































