लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
पादूकलां: कस्बे स्थित गोगाजी मेला मैदान के पास सियाराम धाम परिसर में स्थित भगवान शनि देव मंदिर में शनिवार को विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ। इस अवसर पर कस्बे के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शनिदेव की प्रतिमा के साथ सियारामदासजी महाराज एवं श्रीमहंत कपिलदास जी महाराज के मंदिर की चौखट पर धोक लगाकर दर्शन किए।
बच्चों ने नर्मदेश्वर महादेव के समक्ष परिवार की सुख-समृद्धि और उत्तम शिक्षा की कामना की। पूजन-अर्चना के उपरांत शनिदेव को विधिवत खिचड़ी का भोग लगाया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चों की आस्था और उल्लास ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सियाराम धाम के महामंडलेश्वर श्रीसंतदास जी महाराज ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को शनि देव की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है और खिचड़ी भोग लगाने की परंपरा निभाई जाती है। आज बच्चों ने गुरुजी की प्रतिमा सहित नर्मदेश्वर महादेव के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया।
महंत राधादास त्यागीजी महाराज ने राजस्थानी परंपरा अनुसार श्रद्धालुओं का स्वागत-सत्कार किया और शनि देव की महिमा का विस्तारपूर्वक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना जीवन में सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है और कष्टों का निवारण करती है।
पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में भक्तों के जयकारों से पूरा माहौल गूंज उठा।












































