लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
सुभाष और सीताराम मार्केट संयुक्त रूप से द्वितीय
भीलवाड़ा (विनोद सेन)। दीपावली के अवसर पर जिला यूनेस्को एसोसिएशन द्वारा आयोजित “दीपावली सजावट प्रतियोगिता 2025” में बालाजी मार्केट ने पहला स्थान हासिल किया। सुभाष मार्केट और सीताराम मार्केट (सीताराम जी की बावड़ी) को संयुक्त रूप से दूसरा स्थान दिया गया। वहीं सार्वजनिक स्थल श्रेणी में राजीव गांधी चौराहा प्रथम रहा।
प्रदेश संयोजक गोपाललाल माली ने बताया कि प्रतियोगिता का मूल्यांकन जिला यूनेस्को एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश जैन की अध्यक्षता में गठित निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। इसमें मधु लोढा, हरनारायण माली, विशाल विजयवर्गीय, कमलेश जाजू और राधा अग्रवाल शामिल रहे।
बाजार सजावट श्रेणी में तीसरा स्थान आचार्य तुलसी मार्ग महाराणा प्रताप मार्केट को मिला। व्यक्तिगत सजावट श्रेणी में महारानी कॉम्पलेक्स स्थित आर.आर. ज्वैलर्स को प्रथम और पुर रोड स्थित राजस्थान टेंट हाउस को द्वितीय स्थान मिला। तीसरे स्थान पर होटल रॉयल एम्बेसिस रहा।
सार्वजनिक स्थल श्रेणी में पांसल चौराहा द्वितीय और सूचना केंद्र चौराहा तृतीय स्थान पर रहा। निर्णायक समिति ने 18 से 22 अक्टूबर तक विभिन्न बाजारों और स्थलों का निरीक्षण कर विजेताओं का चयन किया।
जिला यूनेस्को एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित अग्रवाल ने बताया कि सभी विजेताओं को आगामी कार्यक्रम में ट्रॉफी और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।













































