लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बामनवास, सवाई माधोपुर। बामनवास उपखंड क्षेत्र में जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल के तहत दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान बामनवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 8 नए यूडीआईडी (Unique Disability ID) कार्ड बनाए गए। अब तक जिले में कुल 196 दिव्यांगजन इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।
इस विशेष शिविर में जिला कलक्टर काना राम, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. हरिसिंह मीना सहित अन्य विशेषज्ञों की टीम मौजूद रही। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पहल के चलते दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का यह प्रयास एक नई दिशा में कदम साबित हुआ है।
सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी ने कहा — “सरकार की मंशा है कि कोई भी दिव्यांग योजना के लाभ से वंचित न रहे। यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से दिव्यांगजन विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से ले सकेंगे।”
कलक्टर काना राम की इस पहल को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। शिविर में आए लाभार्थियों और उनके परिजनों ने बताया कि अब उन्हें पेंशन, उपकरण, शिक्षा और रोजगार जैसी सरकारी योजनाओं तक सरल पहुंच मिल सकेगी।
















































