लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट — मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। जिले की ग्राम पंचायत द्वारा रावला मंडी बस स्टैंड क्षेत्र में बनाए गए 12 दुकानों में कुछ अतिक्रमणकारियों ने कब्जा जमा लिया है। प्रशासन और पंचायत द्वारा कई बार चेतावनी देने के बावजूद दुकानदार दुकानें खाली नहीं कर रहे हैं, जिससे बस स्टैंड के विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत ने यात्रियों की सुविधा और बाजार व्यवस्था सुधारने के लिए ये दुकानें बनाई थीं। लेकिन समय के साथ कुछ लोगों ने दुकानों के आगे और आसपास अवैध निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया। अब जब प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है, तो कुछ स्थानीय नेताओं के राजनीतिक समर्थन के कारण विरोध भी सामने आ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि राजनीतिक हस्तक्षेप न हो तो बस स्टैंड का क्षेत्र साफ-सुथरा, व्यवस्थित और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाया जा सकता है। वहीं पंचायत ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि सार्वजनिक संपत्ति का सही उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
इस पूरे विवाद से यह स्पष्ट है कि रावला मंडी का वास्तविक विकास अभी भी स्थानीय स्वार्थों और राजनीति की भेंट चढ़ रहा है।




















































