लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
— “बात कहना आसान, निभाना मुश्किल”
जोधपुर से रिपोर्ट
तेजस्वी यादव द्वारा बिहार चुनाव में “हर घर में एक सरकारी नौकरी” देने के वादे पर राजस्थान के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि देश में हर व्यक्ति को बोलने की आज़ादी है, कोई कुछ भी कह सकता है, लेकिन असली सवाल यह है कि कही गई बात को कितना निभाया जा सकता है।
उन्होंने कहा, “मुद्दा यह नहीं है कि कौन क्या कह रहा है, मुद्दा यह है कि वह अपनी ज़बान कितनी निभा पाता है। आम जनता को भी समझना होगा कि कोई व्यक्ति कोई वादा कर रहा है तो क्या उसमें उसे पूरा करने की क्षमता है या नहीं। जब जनता इस बात पर विचार करना शुरू कर देगी तो झूठे प्रलोभनों में कोई नहीं आएगा।”
इसके साथ ही उन्होंने अंता में होने वाले उपचुनाव को लेकर भी विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि 2023 में भारतीय जनता पार्टी ने वहां जीत दर्ज की थी और अब 2025 में होने वाले उपचुनाव में पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
मंत्री खर्रा ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी इस संकल्प के साथ चुनाव लड़ेगी कि अंता में फिर से भाजपा की विजय हो।”



















































