लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
संवाददाता: नितिन मेहरा |
अजमेर | ब्रिटेन प्रवास के दौरान वासुदेव देवनानी का लंदन स्थित भारतीय दूतावास में भव्य अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर प्रवासी भारतीयों ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि भारत और ब्रिटेन मिलकर विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक समृद्धि का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं।
“भारत विश्व मंच पर नए कीर्तिमान गढ़ रहा है” — देवनानी
देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अद्भुत प्रगति कर रहा है और वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने जीएसटी सुधार, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी पहलों को भारत की आर्थिक ऊंचाइयों का आधार बताया।
उन्होंने प्रवासी भारतीयों से अपील की कि वे अपनी मातृभूमि से भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखें और भारत की प्रगति में सक्रिय योगदान दें।
भारत-ब्रिटेन संबंधों में नए अवसर
देवनानी ने कहा कि भारत और ब्रिटेन के बीच ऐतिहासिक संबंध अब और भी मजबूत हो रहे हैं। प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) से दोनों देशों के बीच कम टैरिफ, विस्तृत बाजार और गहरे आर्थिक संबंधों का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे निवेशकों, उद्यमियों और युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।
वैश्विक मुद्दों पर साझा दृष्टिकोण
देवनानी ने कहा कि आतंकवाद, पर्यावरण और वैश्विक स्थिरता जैसे मुद्दों पर भारत और ब्रिटेन मिलकर कार्य कर रहे हैं। आज भारत की भूमिका विश्व के कई महत्वपूर्ण निर्णयों में निर्णायक बन चुकी है।
राजस्थान में प्रवासी दिवस 10 दिसंबर को
देवनानी ने जानकारी दी कि राजस्थान सरकार 10 दिसंबर को प्रवासी दिवस मनाने जा रही है। उन्होंने ब्रिटेन में बसे भारतीयों से इसमें भाग लेने और सहयोग देने का आग्रह किया।
️ “भारत की संस्कृति हमारी पहचान है। प्रवासी भारतीय विश्व में भारत की चेतना के जीवंत दूत हैं।” — वासुदेव देवनानी
















































