लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
संवाददाता: नितिन मेहरा |
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने आरटीडीसी (RTDC) के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर द्वारा पोस्टर वार पर दिए गए बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोनी ने कहा कि राठौर के बयान ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ जैसे हैं और यह उनकी बौखलाहट को दर्शाता है।
सोनी ने एक प्रेस वक्तव्य में कहा कि राठौर ने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए भाजपा पर झूठे आरोप लगाए हैं, जबकि सच्चाई यह है कि वे कांग्रेस की आंतरिक कलह के शिकार हैं। उन्होंने कहा कि राठौर न तो किसी जनप्रतिनिधि की भूमिका में हैं और न ही उनका अजमेर से कोई लेना-देना है।
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि 29 सितंबर 2022 को तत्कालीन विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने जयपुर में एक बयान जारी कर राठौर को ‘दलाल’ कहा था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में राठौर की भूमिका किसी से छिपी नहीं है।
सोनी ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खासमखास माने जाने वाले राठौर की विकास योजनाएं केवल घोषणाओं तक सीमित रहीं। पुष्कर विकास प्राधिकरण का गठन, तीर्थराज पुष्कर के सौन्दर्यीकरण के लिए ₹500 करोड़ की घोषणा, चौबीस कोसी परिक्रमा मार्ग और तारागढ़ रोपवे निर्माण सहित कई घोषणाएं कागजों में ही रह गईं।
सोनी का आरोप: “इन्हीं खोखली घोषणाओं और वादों के कारण कांग्रेस को राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में पुष्कर, अजमेर उत्तर और अजमेर दक्षिण सीटों पर करारी हार का सामना करना पड़ा।”
















































