लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
कोटा/जयपुर ।
कोटा में आयोजित 132वें राष्ट्रीय दशहरा मेले ने इस बार भी अपनी भव्यता और ऐतिहासिक महत्व से देश-विदेश से आए लोगों का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की गरिमामयी उपस्थिति में हुए इस आयोजन में धार्मिक आस्था, संस्कृति, मनोरंजन और लोक परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला।
असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कोटा का दशहरा मेला राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। इस बार मेले का आयोजन तिरंगा थीम पर किया गया, जो भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को दर्शाता है।
कारीगरों और हस्तशिल्पियों में नया उत्साह
मुख्यमंत्री ने बताया कि मेले में राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के कारीगर अपने हस्तशिल्प, आभूषण और पारंपरिक वस्त्र प्रदर्शित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधारों से हस्तशिल्प उत्पादों पर कर दर घटने के कारण इस बार आमजन और शिल्पकारों दोनों की खुशियां दोगुनी हुई हैं।
रामराज्य और लोककल्याणकारी नीतियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “नर को नारायण” और “दीन को देवता” मानकर गरीब, किसान, महिला और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताया।
“सत्य की राह पर चलें” – ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि दशहरा हमें सत्य और नैतिकता की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “स्वदेशी अपनाओ” मंत्र का आह्वान करते हुए कहा कि इससे भारत आत्मनिर्भर और विकसित बनेगा।
उन्होंने कहा कि इस बार मेले में लोग “जीएसटी बचत उत्सव” मनाते हुए बड़ी संख्या में हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पाद खरीद रहे हैं, जिससे कारीगरों और शिल्पकारों के जीवन में नई समृद्धि आएगी।
भारत का सबसे बड़ा रावण दहन
मेले के दौरान 233 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया, जिसे इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। पूर्व महाराव इज्येराज सिंह ने भगवान लक्ष्मीनारायण के प्रतिनिधि के रूप में परंपरागत रूप से रावण दहन किया। इस मौके पर भव्य आतिशबाजी ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, कल्पना देवी, महापौर कोटा दक्षिण राजीव अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।



















































