- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर ।
गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को बजाज नगर स्थित खादी ग्रामोद्योग भवन का दौरा किया। उन्होंने खादी उत्पाद खरीदे और आमजन को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने यूपीआई के माध्यम से भुगतान कर डिजिटल इंडिया को भी बढ़ावा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘हर घर स्वदेशी-घर घर स्वदेशी’ का आह्वान आत्मनिर्भर भारत का आधार है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे इस आह्वान को आत्मसात कर अधिक से अधिक स्वदेशी उत्पाद अपनाएं।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने खादी एवं ग्रामोद्योग भवन परिसर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में नगर निगम ग्रेटर की महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के पदाधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।
- Advertisement -


















































