लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में नई ऊर्जा और खुशियों का संचार कर रही है। सरकार बुजुर्गों को सम्मान, सुरक्षा और सहारा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं और कार्यक्रम चला रही है, ताकि वे जीवन के अंतिम पड़ाव में आराम, सम्मान और सक्रिय जीवन का अनुभव कर सकें।
वृद्धाश्रमों में बुजुर्गों की समुचित देखभाल
प्रदेश में वर्तमान में 63 वृद्धाश्रम संचालित हैं, जिनमें से 44 राज्य सरकार और 19 केंद्र सरकार द्वारा संचालित हैं। इन वृद्धाश्रमों में बेसहारा और परित्यक्त बुजुर्गों को आवास, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
डे-केयर सेंटर्स में स्वास्थ्य और मनोरंजन
60 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष और 55 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएँ 10 भक्त श्रवण कुमार कल्याण सेवा आश्रम में चिकित्सा, प्रौढ़ शिक्षा, अल्पाहार और धार्मिक प्रवचन जैसी सुविधाओं का लाभ ले रही हैं। बुजुर्गों के मनोरंजन और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए पत्र-पत्रिकाओं और धार्मिक भ्रमण की व्यवस्था भी की गई है।
माता-पिता और वरिष्ठ नागरिक भरण पोषण अधिनियम
सरकार ने सुनिश्चित किया है कि बुजुर्ग अपने परिजनों द्वारा उपेक्षित न हों। इसके लिए उपखंड और जिला स्तर पर अधिकरण बनाए गए हैं, जिससे संपत्ति विवाद और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह और स्वयंसिद्धा आश्रम
राज्य में 45 पुनर्वास गृह बुजुर्गों के लिए खोले गए हैं, जहां आवास, भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं और मनोरंजन की सुविधा उपलब्ध है। बजट 2025-26 में 17 जिलों में स्वयंसिद्धा आश्रम खोले गए, जिनकी क्षमता 50 लोगों की है।
अटल वयो अभ्युदय योजना
इस योजना के तहत बुजुर्गों को आर्थिक सुरक्षा, सशक्तिकरण और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित किया जा रहा है। सरकार उन्हें वृद्धावस्था में सक्रिय और स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित कर रही है।
वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन और सम्मान
बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान के लिए राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन 14567 सक्रिय है। इसके माध्यम से पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं और कानूनी सहायता संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस (1 अक्टूबर) पर वृद्धजन कल्याण के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाता है।
सरकार बुजुर्गों की खुशियों और सुरक्षा का सच्चा संरक्षक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का मानना है कि वरिष्ठ नागरिक केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की धरोहर हैं। उनकी देखभाल, सम्मान और सुरक्षा पूरे समाज का दायित्व है। यही कारण है कि राज्य सरकार बुजुर्गों को राहत, संबल और खुशहाल जीवन देने में निरंतर अग्रसर है।













































