लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
देश को मिला आत्मनिर्भर डिजिटल नेटवर्क
झारसुगुड़ा/जयपुर – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बीएसएनएल की स्वदेशी 4जी नेटवर्क सेवाओं के माध्यम से भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। भारत की कंपनियों ने देश को उन पाँच देशों में शामिल कर दिया है, जिनके पास पूरी तरह स्वदेशी 4जी टेक्नोलॉजी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प है कि चिप से लेकर शिप तक हर चीज का निर्माण भारत में हो।
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा से बीएसएनएल के 4जी नेटवर्क सेवा के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 92,600 से अधिक 4जी नेटवर्क टावरों सहित लगभग 97,500 टावरों का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि शिप बिल्डिंग और टेक्नोलॉजी में निवेश से भारत में लाखों रोजगार का सृजन होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीएसएनएल ने पूरी तरह स्वदेशी 4जी टेक्नोलॉजी विकसित कर देश के टेलीकॉम सेक्टर में नया इतिहास रचा है। इसके विस्तार से 2 करोड़ से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा और हाईस्पीड इंटरनेट सुविधा से वंचित लगभग 30,000 गांवों तक यह सुविधा पहुंचेगी। आदिवासी और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को डिजिटल सेवाओं का लाभ मिलेगा, बच्चों को ऑनलाइन क्लास, किसानों को फसल की जानकारी और मरीजों को टेलीमेडिसिन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअली जुड़कर कहा कि राजस्थान में 5,655 4जी टावर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 18,903 टावर सौर ऊर्जा से संचालित हरित टावर हैं, जो लगभग 20 लाख घरों को सेवा प्रदान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया की दिशा में भारत हर नागरिक को कनेक्टिविटी से जोड़ रहा है और 2026 तक 1 लाख टावर का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल ने इस स्वदेशी 4जी नेटवर्क के सीमावर्ती क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को महत्वपूर्ण बताया और 4जी से 5जी में अपग्रेड होने की संभावना व्यक्त की।
केन्द्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी ने इसे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण और मेक इन इंडिया पहल में मील का पत्थर बताया।
बीएसएनएल राजस्थान के मुख्य महाप्रबंधक विक्रम मालवीय ने कहा कि प्रधानमंत्री की डिजिटल भारत पहल से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी का मार्ग प्रशस्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने बीएसएनएल 4जी सेवा के लाभार्थियों से आत्मीय संवाद भी किया। कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।














































