लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पादूकलां। ग्राम पंचायत लांपोलाई में पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों के अखिल भारतीय संयोजक गोपाल आर्य का मेड़ता जिले के प्रवास के दौरान स्वागत किया गया। उनका परंपरागत साफा और मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर स्थानीय निवासी मोहनराज और त्रिलोकचंद उपाध्याय ने भी उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में प्रांत संयोजक अंगद विश्नोई (जोधपुर), विभाग संयोजक गेनाराम गुरु (नागौर), जिला संयोजक सत्येन्द्र प्रकाश तिवाड़ी (मेड़ता) और पेड़ उपक्रम प्रमुख रामचन्द्र पिचकिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
गोपाल आर्य ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन को बचाने का महत्व बताया और ग्राम स्तर पर वृक्षारोपण, वर्षा जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त अभियान और जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ की पर्यावरण गतिविधियाँ केवल पेड़ लगाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है।
जिला संयोजक सत्येन्द्र प्रकाश तिवाड़ी ने बताया कि मेड़ता जिले में सैकड़ों गांवों में वृक्षारोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम हो चुके हैं और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान अब और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। पेड़ उपक्रम प्रमुख रामचन्द्र पिचकिया ने बताया कि युवाओं की टीम तैयार की जा रही है, जो पौधारोपण के साथ उनकी देखरेख की जिम्मेदारी भी निभाएगी।
समारोह में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रामकिशोर पंचारिया, राजाराम सांगवा, रामनारायण राव, आशीष दायमा, रणजीत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
















































