लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के तत्वावधान में साईं लीला प्रोसेसर्स एवं लायंस क्लब भीलवाड़ा स्टार के संयुक्त सहयोग से साईं लीला प्रोसेसर्स परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस विशेष शिविर में कुल 301 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ।
शिविर में महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और 24 यूनिट रक्तदान कर योगदान दिया। वहीं, 23 प्रतिभागियों ने पहली बार रक्तदान करते हुए समाज सेवा की दिशा में सराहनीय पहल की। प्रतिभागियों ने कहा कि समय-समय पर ऐसे रक्तदान शिविर आयोजित होने चाहिए, ताकि समाज में रक्तदान को लेकर जागरूकता फैले और अधिक लोग प्रेरित होकर इस महादान से जुड़ें।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में साईं लीला प्रोसेसर्स के डायरेक्टर नंदलाल जालान और नवीन जालान, साथ ही प्रेसिडेंट प्रभात नेनावटी उपस्थित रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा की अनूठी मिसाल बताया और कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं।
आयोजन में तेरापंथ युवक परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य निर्मल गोखरू, सुधीर दक, मानक बोहरा, दिलीप बोहरा, दुष्यंत राका, अभिषेक मेहता, शुभम दक, दीपक, गजेंद्र पितलिया, नितिन बोहरा, सौरभ दक एवं शिव प्रकाश चौधरी की विशेष उपस्थिति रही।
इस अवसर पर सभी ने एक स्वर में संदेश दिया कि रक्तदान केवल जीवन बचाने का ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करने का भी सर्वोत्तम माध्यम है।















































