लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल)
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के जिला कार्यालय की ओर से शनिवार को नितिन स्पिनर्स लिमिटेड के सभागार में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रशान्त कुमार सिन्हा ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 1 अगस्त 2025 से इस योजना की शुरुआत की जा रही है। योजना के तहत वर्ष 2025 से 2027 तक कंपनियों में नियुक्त एवं प्रथम बार EPFO में पंजीकृत कर्मचारियों को ₹15,000 की प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में दी जाएगी।
सिन्हा ने बताया कि योजना में नियोक्ताओं को भी लाभ मिलेगा। प्रति नए कर्मचारी की नियुक्ति पर पात्र नियोक्ताओं को ₹1,000 से ₹3,000 प्रतिमाह तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह प्रोत्साहन राशि सभी क्षेत्रों के नियोक्ताओं को 2 वर्षों तक और विनिर्माण क्षेत्र के नियोक्ताओं को 4 वर्षों तक प्रदान की जाएगी। योजना का उद्देश्य रोजगार में वृद्धि करना और कर्मचारियों को भविष्य निधि योजना से जोड़ना है।
सेमिनार के दौरान उद्योगपतियों और कर्मचारी प्रतिनिधियों ने योजना के लाभों एवं इसके सुचारू क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त (सेकंड) आर.एन. मीना ने नियोक्ताओं की समस्याओं को सुना और उन्हें EPF नियमों की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर प्रवर्तन अधिकारी सुनील कुमार ठाड़ा और वैभव कुमार भी उपस्थित रहे। अंत में आर.एन. मीना ने नितिन स्पिनर्स लिमिटेड के प्रबंधकों को आयोजन में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।


















































