लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भरतपुर – मुख्य सचिव सुधांश पंत ने केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान का निरीक्षण किया, शिव मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की, साथ ही उद्यान की खूबसूरती को सराहा।
राजेंद्र शर्मा
भरतपुर: मुख्य सचिव सुधांश पंत एक दिवसीय दौरे पर भरतपुर पहुंचे। सुबह उन्होंने विश्वप्रसिद्ध केवलादेव घना राष्ट्रीय उद्यान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद, उन्होंने घना में स्थित शिव मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही, उन्होंने उद्यान के अंतिम छोर पर बने टावर से इसकी प्राकृतिक सुंदरता का नजारा भी लिया।
मुख्य सचिव ने बताया कि गिरिराज जी के दर्शन एक निजी कार्यक्रम के तहत हुए और जीवन में पहली बार यहां आकर उन्हें बड़ा सुकून मिला।
गौरतलब है कि भरतपुर के केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान में लगातार दूसरे साल पांचना का पानी छोड़ा गया है, जिससे उद्यान लबालब भर गया है। इसके चलते इस बार का सीजन बेहतर रहने की उम्मीद है और जल्द ही यहां विदेशी पक्षियों का आगमन शुरू हो जाएगा, जिससे इसका आकर्षण और बढ़ जाएगा। उद्यान में अन्य विकास कार्य भी जारी हैं, जो इसके महत्व को और बढ़ाएंगे।
मुख्य सचिव ने भरतपुर जिला प्रशासन के अधिकारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यहां के अधिकारी कुशल हैं और उनका चयन इसी उद्देश्य से किया गया है ताकि वे बेहतर ढंग से कार्य कर सकें और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

















































