11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय समारोह का हुआ भव्य आयोजन

0
156
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

– डीग का जग विख्यात प्राचीन जल महल बना योग साधना का केंद्र

योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से एक स्वस्थ समाज का निर्माण संभव – प्रभारी सचिव वी सरवन कुमार

“एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” का दिलाया गया संकल्प

डीग । 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को शहर के जग विख्यात प्राचीन जल महलों में प्रभारी सचिव डीग वी सरवन कुमार के मुख्य आतिथ्य में भव्य जिला-स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर सभी उपस्थित जनों को “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग”, “मतदाता शपथ” और “नशा मुक्ति” का संकल्प दिलाया गया। संकल्प में स्वस्थ तन और स्वस्थ मन के लिए यौगिक दिनचर्या अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की शुरुआत में योग स्थल पर विशाखापट्टनम से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का सीधा प्रसारण किया गया। जिसके बाद अतिथियों द्वारा महर्षि पतंजलि के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। प्रभारी सचिव डीग वी सरवन कुमार, जिला कलेक्टर उत्सव कौशल और जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने सामूहिक समारोह में सभी के साथ योग आसन और प्राणायाम क्रियाएं की। आयुर्वेद विभाग तथा जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में योग प्रेमियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर प्रभारी सचिव डीग वी सरवन कुमार ने कहा की स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही एक स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। स्वस्थ जीवन शैली और आदर्श समाज की स्थापना में योग की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा की केंद्र सरकार की सार्थक पहल से योग वैश्विक पटल पर एक बार पुनः लोकप्रिय हुआ है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में योग को अपनाये तथा इस पहल को आगे बढाए। जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने बताया कि प्रतिभागियों ने लगभग 50 मिनट तक ताड़ासन, अर्धचक्रासन, दंडासन, वज्रासन, उत्तानमंडूकासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, पवनमुक्तासन जैसे आसनों सहित कपालभाति, अनुलोम-विलोम तथा भ्रामरी जैसे प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर देश और विदेश में विभिन्न योग दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है।  मोदी ने ही सर्वप्रथम संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस आरंभ करने का आह्वान किया था, इसके परिणामस्वरूप 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया। प्रधानमंत्री जी की इस पहल को दुनिया भर में अपार समर्थन मिला है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here