लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
यहां शनिवार को जम्मू कश्मीर के पहलगांम में हुए आतंकी हमले के विरोध में विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों ने जनआक्रोश रैली निकाली। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम लोग कटलागेट में एकत्रित हुए जहां से पाकिस्तान एवं आतंकवाद विरोधी नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में रवाना हुए ।
रैली मुख्य बाजार, न्यूमार्केट ,ककोड़ गेट होते हुए सरदार सिंह सर्किल पर पहुंचे।जहां जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। मृृतकों की आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद रैली में शामिल लोग नारेबाजी करते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे। जहां उपखंड अधिकारी शत्रुघ्नसिंह गुर्जर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में आतंकवादियों द्वारा पर्यटकों पर चलाई गई गोलाबारी से हुई मौत की कड़े शब्दों में निंदा की गई। ज्ञापन में राष्ट्रपति से केंद्र सरकार को आतंकवादियों पर कडी कार्रवाई करने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में विभिन्न हिंदू संगठनों केपदाधिकारी, कार्यकर्ता पूर्व सैनिक एवं आमजन उपस्थित थे।






















































