मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरूवार को चार नामांकन सभाओं को करेंगे संबोधित
झुंझुनूं से उपचुनाव के प्रचार का करेंगे आगाज
जयपुर। प्रदेश में सात विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनावों की रणनीति बनाकर प्रदेश भाजपा चुनावी मैदान में कांग्रेस को शिकस्त देने के लिए तैयार है।
भाजपा सातों विधानसभा सीटों पर जीत के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा 24 अक्टूबर, गुरूवार को सबसे पहले झुंझुनूं के केशव आदर्श विद्या मन्दिर स्कूल मैदान में नामांकन सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री रामगढ़ विधानसभा के खेल मैदान में सभा को संबोधित कर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। दोपहर को दौसा के गुप्तेश्वर रोड़ स्थित विवाह पैलेस में मुख्यमंत्री का नामांकन सभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। अंत में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा टोंक के देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र के खेल मैदान में नामांकन सभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा झुंझुनूं सीट पर उपचुनाव के तहत भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र भांबू, रामगढ़ प्रत्याशी सुखवंत सिंह, दौसा प्रत्याशी जगमोहन मीना, देवली-उनियारा प्रत्याशी राजेन्द्र गुर्जर के समर्थन में आयोजित होने वाली नामांकन सभाओं में भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन को उपचुनावों में जीत के लिए संबोधित करेंगे।



















































