
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ के रूप में न्यायपालिका अहम भूमिका निभा रही है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर संविधान निर्माण तक में अधिवक्ताओं के महत्वपूर्ण योगदान से ही आज दुनिया में भारतीय न्यायपालिका का बड़ा सम्मान है। यह सुखद परिणाम अधिवक्ताओं द्वारा समाज हित में किए कार्यों से ही सम्भव हो सका है।

मुख्यमंत्री शर्मा शनिवार को दी बार एसोसिएशन जयपुर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
शर्मा ने कहा कि अधिवक्ताओं को मानवीय मूल्यों की रक्षा करते हुए सेवाभाव के साथ पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने का कर्तव्य निभाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अधिवक्ताओं की सुविधा विस्तार सम्बंधित कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर सिविल लाइन्स विधायक गोपाल शर्मा, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधिपति एम.एम. श्रीवास्तव, जिला न्यायाधीश मेट्रो प्रथम नंदिनी व्यास, मेट्रो द्वितीय बलजीत सिंह, जयपुर जिला ग्रामीण न्यायाधीश अजीत कुमार हिंगड़ सहित नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्य और अधिवक्तागण उपस्थित थे।












































