लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
10 दिनों में 2,606 यात्रियों ने किया सफर, 24 नवंबर को एक दिन में सर्वाधिक ₹29,645 का राजस्व
राजस्थान से वरिष्ठ संवाददाता : नितिन मेहरा
पुष्कर (अजमेर)। अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले-2026 में इस बार श्रद्धालुओं और देशी-विदेशी पर्यटकों के बीच रेल यात्रा का आकर्षण बढ़ा है। मेले के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से संचालित विशेष ट्रेनों और बेहतर रेल कनेक्टिविटी ने यात्रियों को सड़क मार्ग के जाम और वाहनों की भीड़ से काफी राहत दी। इसका असर पुष्कर रेलवे स्टेशन पर टिकट बिक्री और यात्री संख्या के रूप में देखने को मिला।
अजमेर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) मिहिर देव की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 17 से 26 नवंबर तक मेले के दौरान कुल 1,039 टिकटों की बिक्री हुई। इनके माध्यम से 2,606 यात्रियों ने रेल यात्रा की। इस अवधि में रेलवे को टिकट बिक्री से कुल 73,530 रुपये की आय प्राप्त हुई।
डिजिटल भुगतान को भी मिला बढ़ावा
पुष्कर मेले के दौरान टिकट खरीदने में डिजिटल भुगतान का रुझान भी देखने को मिला। श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने क्यूआर कोड स्कैनिंग सहित कैशलेस भुगतान सुविधाओं का इस्तेमाल किया। रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, कुल राजस्व में 9,710 रुपये डिजिटल भुगतान के माध्यम से प्राप्त हुए, जबकि 64,115 रुपये नकद जमा हुए। अतिरिक्त टिकट काउंटर और डिजिटल भुगतान की सुविधा से यात्रियों को टिकट लेने में सहूलियत मिली।
24 नवंबर को एक दिन में सर्वाधिक कमाई
मेले के प्रमुख धार्मिक आयोजनों और स्नान पर्वों के दौरान पुष्कर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई। 22 से 24 नवंबर के बीच स्टेशन पर विशेष चहल-पहल रही।
आंकड़ों के मुताबिक, 24 नवंबर को रेलवे ने एक दिन में सर्वाधिक 29,645 रुपये का राजस्व अर्जित किया। इस दिन 225 टिकटों के माध्यम से 521 यात्रियों ने सफर किया।
वहीं, यात्रियों की संख्या के लिहाज से 22 नवंबर सबसे व्यस्त दिन रहा। इस दिन 253 टिकटों पर 691 यात्रियों ने रेल यात्रा की और रेलवे को 14,560 रुपये की आय हुई। 23 नवंबर को 173 टिकटों के जरिए 425 यात्रियों ने सफर किया, जिससे 9,120 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
मेले की व्यवस्थाओं में रेलवे की अहम भूमिका
पुष्कर मेले के दौरान विशेष ट्रेनों के संचालन से श्रद्धालुओं को आवागमन का सुविधाजनक और किफायती विकल्प मिला। इससे सड़क मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिली। बेहतर रेल सेवाओं और टिकटिंग सुविधाओं ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को आसान बनाया। रेलवे के आंकड़े इस बात का संकेत हैं कि धार्मिक पर्यटन के बड़े आयोजनों में बेहतर रेल कनेक्टिविटी यात्रियों की पहली पसंद बनती जा रही है।























































