लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
6 हजार से अधिक गांवों में विकास कार्य
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वंचितों को वरीयता’ के विजन को साकार करने के उद्देश्य से प्रदेश में यह अभियान मिशन मोड पर संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत प्रदेश के 37 जिलों के 208 ब्लॉकों के 6,019 जनजातीय गांवों को शामिल किया गया है। इन गांवों में शिक्षा, आवासीय सुविधाओं, आजीविका और बुनियादी विकास को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 से 2026-27 तक 335 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृतियां जारी की गई हैं। वहीं, 277 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृतियां भी जारी हो चुकी हैं। भारत सरकार ने इसके लिए 177 करोड़ रुपये से अधिक की मदर स्वीकृति प्रदान की है।
6 जिलों में बनेंगे बहुउद्देशीय विपणन केंद्र
जनजातीय समुदायों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, बारां और सिरोही में 6 बहुउद्देशीय विपणन केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से जनजातीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की योजना है। इससे स्थानीय उत्पादों की बिक्री, आय और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
1.16 लाख से अधिक आदि कर्मयोगियों को प्रशिक्षण
अभियान के तहत जनजातीय क्षेत्रों में नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए आदि कर्मयोगी अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इसके पहले चरण में प्रदेश के 26 जिलों के 5,978 गांवों को शामिल किया गया। इसमें 162 जिला मास्टर ट्रेनर्स, 1,082 ब्लॉक मास्टर ट्रेनर्स और 1 लाख 16 हजार 670 ग्राम स्तरीय आदि कर्मयोगियों एवं आदि सहयोगियों को प्रशिक्षण दिया गया है।
17 मंत्रालयों की 25 गतिविधियों से होगा विकास
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी दूर करना, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा का विस्तार करना तथा आजीविका के अवसर बढ़ाना है। मार्च 2029 तक चलने वाले इस राष्ट्रीय अभियान में 17 मंत्रालयों की 25 गतिविधियां शामिल हैं। इसके तहत देश के 26 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों के 2,911 ब्लॉकों के 63,843 जनजातीय गांवों को लक्षित किया गया है। अभियान से लगभग 5 करोड़ जनजातीय लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है।
राजस्थान की इस उपलब्धि को जनजातीय क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की पहुंच और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

























































