लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर में पंचायतीराज चुनाव: 306 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के लिए मतदान जारी, सुबह से बूथों पर लगी कतारें
श्रीगंगानगर।(मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ), श्रीगंगानगर राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत श्रीगंगानगर जिले में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है। जिले की 8 पंचायत समितियों की 306 ग्राम पंचायतों में आज ग्रामीण मतदाता अपने गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं।
सुबह मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंच और वार्ड पंच चुनने को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। महिला, पुरुष और युवा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
मतदान प्रक्रिया शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।


















































