लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भव्य शोभायात्रा में धार्मिक झांकियों और नृत्यों ने मोहा मन, खेमदासजी मंदिर परिसर में दशहरा मेले की रौनक
पादूकलां। कस्बे में बुधवार को विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। दशहरा महोत्सव समिति के तत्वावधान में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमानजी की आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गोगाजी मेला मैदान में आतिशबाजी के बीच रावण दहन हुआ। इस दौरान पूरा मैदान ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
शोभायात्रा गायत्री माता मंदिर चौराहे से शुरू होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गोगाजी मेला मैदान पहुंची। डीजे की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। धार्मिक झांकियों और विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
गोगाजी मेला मैदान में आकर्षक आतिशबाजी के बीच रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ विजयादशमी का पर्व मनाया।
बिखरनियाकलां में दशहरा मेले की धूम
बिखरनियाकलां गांव के सुरपुरा रोड स्थित खेमदासजी मंदिर प्रांगण में भी विजयादशमी पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों और मेला कमेटी के सहयोग से सजे मेले में लोगों की अच्छी-खासी चहल-पहल रही।
मेले में विभिन्न प्रकार के झूले, खिलौनों की दुकानें और खाने-पीने के स्टॉल लगाए गए। कचौरी, पकौड़ी सहित अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। ग्रामीणों ने मेले का आनंद लेते हुए धार्मिक उत्साह के साथ दशहरा पर्व मनाया।



















































