लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शाम 4:30 बजे से हरिनाम संकीर्तन, दूधिया रोशनी से जगमगाया मंदिर; 108 परिक्रमा कर श्रद्धालु करेंगे सुख-समृद्धि की कामना
पादूकलां। पापांकुशा एकादशी के अवसर पर कस्बे में बाबा श्याम की भक्ति का रंग छाएगा। श्री श्याम मित्र मंडल विकास समिति की ओर से धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार, पोशाक सेवा, प्रसाद वितरण, हरिनाम संकीर्तन और महाआरती होगी। आयोजन को लेकर मंदिर को दूधिया रोशनी से सजाया गया है।
मंदिर के पुजारी पुखराज शास्त्री ने बताया कि एकादशी पर बाबा श्रीश्याम का दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। श्रद्धालुओं के सिर पर मोर पंख घुमाया जाएगा। कई महिलाएं 108 परिक्रमा लगाकर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।
शाम 4:30 बजे से हरिनाम संकीर्तन
समिति के अनुसार, शाम 4:30 बजे से हरिनाम संकीर्तन शुरू होगा, जबकि शाम 6:15 बजे महाआरती की जाएगी। आयोजन में विभिन्न श्रद्धालुओं की ओर से सेवा भी दी जाएगी। मेड़ता सिटी के ओमप्रकाश अग्रवाल अलौकिक श्रृंगार सेवा, चारचियावास के श्याम कृपा हाउसिंग ग्रुप पोशाक सेवा और पादूकलां का श्री श्याम परिवार प्रसाद सेवा करेगा।
श्याम प्रेमियों से शामिल होने की अपील
श्री श्याम मित्र मंडल विकास समिति ने सभी श्याम भक्तों से बाबा के दर्शन करने और संकीर्तन व महाआरती में भाग लेने की अपील की है। एकादशी के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने और भक्ति-भाव के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने की उम्मीद है।



















































