लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भगवान आदिनाथ की सवारी के साथ तपस्वियों का हुआ अभिनंदन, जगह-जगह पुष्पमालाओं से किया स्वागत
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर में जैन संत आचार्य विजयराज श्रीजी के सानिध्य और राजनिधि जैन साध्वी एवं नागौर की कोठारी परिवार की बेटी जैन साध्वी नित्यप्रभा श्रीजी के सानिध्य में अनेक तपस्याएं चल रही हैं। कोठारी परिवार के सदस्यों द्वारा की जा रही तपस्या के उपलक्ष्य में बुधवार को शहर में गाजे-बाजे और धार्मिक उल्लास के साथ भव्य वरघोड़ा निकाला गया।
कोठारी परिवार में पुखराज कोठारी के 41 उपवास, संतोष कोठारी के 30 उपवास, साहिल कोठारी के 11 उपवास, श्रद्धा कोठारी के 9 उपवास तथा मधु कोठारी के 31 उपवास की तपस्या चल रही है। इसी के उपलक्ष्य में बुधवार सुबह तपस्यार्थियों के निवास स्थान हिरावाड़ी से वरघोड़ा रवाना हुआ।
वरघोड़े में शहनाई वादन, इंद्रध्वजा, घोड़े और भगवान आदिनाथ की सवारी आकर्षण का केंद्र रही। जैन समाज के युवा पूजा की वेशभूषा में भगवान की सवारी को कंधों पर लेकर वरघोड़े के साथ चल रहे थे। वहीं समाज के युवा और युवतियां ‘तपस्वी अमर रहें’ के जयघोष करते हुए उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
शहर के विभिन्न स्थानों पर वरघोड़े का स्वागत किया गया और तपस्यार्थियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया। वरघोड़ा हिरावाड़ी से शुरू होकर डागा वाड़ी, लोढ़ा का चौक, बंशीवाला मंदिर, सावां की गली, लोहिया का चौक और माही दरवाजा होते हुए बख्तसागर तालाब के पास स्थित सुराणा की बगेची पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ।
इसके बाद सुबह 11:30 बजे बारला जैन मंदिर में समस्त ओसवाल जैन समाज के लिए स्वामी वात्सल्य (न्यात) का आयोजन किया गया। यह आयोजन तपस्यार्थी कोठारी परिवार की ओर से रखा गया।
भजन संध्या में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
तपस्या के उपलक्ष्य में मंगलवार रात बख्तसागर तालाब स्थित जैन बारला मंदिर में ‘एक शाम तपस्यार्थी के नाम’ भजन संध्या का आयोजन किया गया। जयपुर के जैन संगीतकार अभिषेक जैन ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों पर समाज के युवा और युवतियां झूमते नजर आए। भजन संध्या से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
इस अवसर पर श्रीपाल कोठारी, अशोक कोठारी, कमल किशोर कोठारी, सुनील कोठारी, पंकज कोठारी, ज्ञानचंद सिंघवी, नरेंद्र संखलेचा, महेंद्र कुमार संखलेचा, गौतम कोठारी, अभय समदड़िया, राजेश चोरड़िया, दिनेश चोरड़िया, सुरेश चौधरी, श्रेयांस चौधरी, अमन चोरड़िया, राजेश कोठारी, साहिल कोठारी, अक्षय चौधरी, धीरज संखलेचा, सिद्धार्थ चोरड़िया और दिनेश सोनी सहित बड़ी संख्या में समाज के स्त्री-पुरुष एवं बच्चे मौजूद रहे।





















































