लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
159.95 लाख की संभावित कर देनदारी सामने
कार्रवाई के दौरान 70.59 लाख रुपए की स्वैच्छिक जमा राशि, दस्तावेज और रिकॉर्ड भी किए गए जब्त
लोकटुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
वाणिज्यिक कर विभाग ने जीएसटी राजस्व में अनियमितताओं, कर अपवंचना, अपात्र इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) और बिना वास्तविक आपूर्ति के टैक्स इनवॉइस जारी करने जैसी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 18 सितंबर 2026 को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। विभागीय टीमों ने करदाताओं के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सर्वे एवं निरीक्षण किया।
विभाग के अनुसार, कुल 7 प्रतिष्ठानों में प्रथम दृष्टया करीब 159.95 लाख रुपए की संभावित कर देनदारी सामने आई है। कार्रवाई के दौरान संबंधित करदाताओं ने 70.59 लाख रुपए की राशि स्वैच्छिक रूप से जमा कराई। कई मामलों में महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं। सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।
जयपुर: ITC रिवर्सल मामले में कार्रवाई
जयपुर स्थित प्रथम मोबिटल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ ब्लॉक क्रेडिट/ITC रिवर्सल के संबंध में निरीक्षण किया गया। विभाग के अनुसार मामले में करीब 21.60 लाख रुपए की संभावित देनदारी सामने आई। इसके विरुद्ध करदाता ने 4.74 लाख रुपए जमा कराए, जिसमें 1 लाख रुपए ITC और 3.74 लाख रुपए नकद शामिल हैं। पुस्तकों, खरीद बिलों और अन्य अभिलेखों की विस्तृत जांच की जा रही है।
अजमेर: घोषित स्टॉक से अधिक मिला भौतिक स्टॉक
अजमेर स्थित M/s Arsh Fashion Couture LLP के यहां टेक्सटाइल कारोबार में स्टॉक और टर्नओवर से संबंधित अनियमितताओं की जांच की गई। भौतिक स्टॉक के सत्यापन में घोषित स्टॉक की तुलना में अधिक स्टॉक पाया गया। मौके से लूज पेपर, रजिस्टर और नोटबुक सहित संबंधित रिकॉर्ड जब्त किए गए।
विभाग के अनुसार, मामले में करीब 15 लाख रुपए की संभावित देनदारी के विरुद्ध करदाता ने 10.90 लाख रुपए स्वैच्छिक रूप से जमा किए।
बोरावड़: बिना उचित बिल खरीद-बिक्री की जांच
डीडवाना-कुचामन जिले के बोरावड़ स्थित M/s Vinod Kumar Agarwal के यहां खाद्य तेल, चीनी, गुड़, चावल, पोहा और मसालों के कारोबार में कर अपवंचना की आशंका को लेकर कार्रवाई की गई। बिना उचित बिल के खरीद-बिक्री और देनदारी के समायोजन से जुड़े तथ्यों की जांच की गई।
मामले में करीब 7 से 8 लाख रुपए की संभावित देनदारी के विरुद्ध 6.50 लाख रुपए नकद जमा कराए गए।
केकड़ी: टर्नओवर छिपाने की आशंका पर सर्वे
केकड़ी स्थित Vijay Manufacturing Industries में आयरन गुड्स, वेल्ड मेश, बार्ब्ड वायर और बेड आदि के निर्माण संबंधी कारोबार में कम कैश रेशियो एवं टर्नओवर छिपाने की आशंका को लेकर सर्वे किया गया। मौके पर उपलब्ध भौतिक स्टॉक और व्यावसायिक दस्तावेजों को रिकॉर्ड में लिया गया। मामले में 15 लाख रुपए की स्वैच्छिक राशि जमा कराई गई।
किशनगढ़: रद्द GST पंजीयन वाले सप्लायर्स से खरीद की जांच
किशनगढ़ स्थित Ranka Tiles के मामले में रद्द GST पंजीयन वाले सप्लायर्स से खरीद और उससे संबंधित ITC की जांच की गई। विभाग के अनुसार जांच में करीब 15.85 लाख रुपए की संभावित देनदारी सामने आई। इसके विरुद्ध करदाता ने 8.45 लाख रुपए नकद जमा कराए।
हनुमानगढ़: ट्रेलर निर्माण इकाई में ITC की जांच
हनुमानगढ़ स्थित Jeet Trailers के यहां ट्रेलर निर्माण इकाई में खरीद और ITC से संबंधित अनियमितताओं की जांच की गई। इसके साथ ही पिछले तीन वर्षों में 100 प्रतिशत ITC के उपयोग से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पंचनामा तैयार कर रिकॉर्ड की जांच की गई। विभाग के अनुसार करदाता ने 25 लाख रुपए जमा कराए हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
कोटा: बिना वास्तविक माल आपूर्ति के टैक्स इनवॉइस का मामला
कोटा स्थित Gulab Traders के यहां बिना वास्तविक माल की आपूर्ति के टैक्स इनवॉइस जारी किए जाने के मामले में कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार प्रथम दृष्टया ऐसे इनवॉइस जारी किए जाने के तथ्य सामने आए, जिनके पीछे वास्तविक माल की आपूर्ति नहीं थी।
मामले में करीब 40 लाख रुपए की संभावित कर देनदारी सामने आई है। फिलहाल इस मामले में कोई स्वैच्छिक जमा राशि नहीं हुई है और आगे की जांच जारी है।
वास्तविक कर देनदारी के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
वाणिज्यिक कर विभाग ने स्पष्ट किया कि सभी मामलों में पुस्तकों, खरीद-बिक्री अभिलेखों, स्टॉक, ITC और संबंधित दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाली वास्तविक कर देनदारी के आधार पर CGST/RGST Act के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















































