लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आंजना में 35वीं जिला स्तरीय 14 वर्षीय छात्र-छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, उद्घाटन मुकाबले में डिलोडिया ने सुनारकुंडी को 2-1 से हराया
गौतम शर्मा, राजसमंद
राजसमंद। आंजना गांव स्थित गदलिया बावजी प्रांगण में 35वीं जिला स्तरीय 14 वर्षीय छात्र-छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का समारोहपूर्वक शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मानसिंह बारहठ ने कहा कि खेल जीवन जीने की कला सिखाता है। खेलों से बच्चों का बौद्धिक एवं शारीरिक विकास होने के साथ उनमें अनुशासन और एक-दूसरे के साथ सहयोग की भावना भी विकसित होती है।
समारोह के अति विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व जिला प्रमुख नंदलाल सिंघवी, पूर्व मंडल अध्यक्ष जीव लाल सोनी, चतर सिंह राजावत, शंकरलाल सुथार, बोथलाल जाट, डॉ. बद्रीलाल जाट, भाजपा रेलमगरा मंडल अध्यक्ष अंबालाल जाट सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उषा टेलर ने की।
अतिथियों का किया स्वागत
ग्रामवासियों की ओर से भैरूनाथ नवयुवक मंडल आंजना के सदस्यों ने अतिथियों का साफा एवं पटका पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अंबालाल जाट ने नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ की ओर से क्षेत्र के 10 श्मशान घाटों में विकास कार्य करवाने की घोषणा की।
डिलोडिया ने 2-1 से जीता उद्घाटन मुकाबला
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला सुनारकुंडी और डिलोडिया के छात्र वर्ग के बीच खेला गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और गेंद को सर्विस कर मैच का शुभारंभ किया। रोमांचक मुकाबले में डिलोडिया की टीम ने सुनारकुंडी को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ व्याख्याता प्रेम सिंह राणावत ने किया।


















































