लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बोले- भ्रष्टाचार में डूबी रही पूर्ववर्ती सरकार
पाली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को पाली में निकाय चुनाव को लेकर आयोजित रोड शो के दौरान पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में डूबी रही, लेकिन तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी आंखें मूंदे रखीं। अब वे बेवजह आरोपों की राजनीति कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने विधानसभा में ‘हमारे दो साल बनाम उनके पांच साल’ के काम का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने विकास कार्यों पर बहस करने के बजाय सदन से दूरी बना ली, क्योंकि भाजपा सरकार के दो साल के काम कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल से कई गुना अधिक हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राजनीतिक आरोप लगाने के बजाय विकास कार्यों पर जनता को जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस ने वर्षों तक विकास रोका : सीएम
भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहते हुए राजस्थान के विकास को बाधित किया। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार प्रदेश को विकास की नई दिशा में आगे बढ़ा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादे ढाई वर्ष में ही पूरे कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता भाजपा सरकार के कई फैसलों को असंभव बताते थे, लेकिन आज वही फैसले धरातल पर साकार होते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता इसे राजस्थान में लागू होना असंभव बताते थे, जबकि भाजपा सरकार ने इसे संभव कर दिखाया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान लगातार निकाय और पंचायत चुनाव होते रहे, जिससे जनता की गाढ़ी कमाई चुनावों पर खर्च होती थी। भाजपा सरकार ने वन स्टेट-वन इलेक्शन की दिशा में आगे बढ़कर कांग्रेस के दावों को गलत साबित किया है।
बिजली, रोडवेज और डेयरी पर भी कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर बिजली, रोडवेज, डेयरी और सहकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शिता, सुशासन और विकास के आधार पर व्यवस्था को आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने दावा किया कि राजस्थान अब अन्य राज्यों को बिजली देने की स्थिति में पहुंच गया है। रोडवेज में 1000 बसें खरीदी जा चुकी हैं, जबकि 1000 नई बसें और लाई जा रही हैं। इसी तरह डेयरी क्षेत्र में भी दूध की मात्रा 34 लाख लीटर से बढ़कर 47 लाख लीटर प्रतिदिन हो गई है।
पेपरलीक पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने युवाओं को 4 लाख सरकारी नौकरियां और 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के भाजपा के संकल्प पर सवाल उठाए थे।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में लगातार पेपरलीक की घटनाएं सामने आती थीं, जबकि भाजपा सरकार ने बिना पेपरलीक के ढाई वर्ष में 1 लाख 89 हजार सरकारी नौकरियां देने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान 1 लाख 22 हजार परीक्षाएं आयोजित हो चुकी हैं और 70 हजार पदों पर नई भर्तियां भी निकाली गई हैं।
कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जन-जन तक पहुंचने और मतदाताओं से संवाद कर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में व्यापक जनसमर्थन जुटाने का आह्वान किया।
इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद पी.पी. चौधरी, केंद्रीय पर्यवेक्षक संगीता यादव, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी सहित भाजपा के पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।















































