लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शिक्षकों को उपहार देकर जताया आभार
गंगधार, झालावाड़ | सुनील निगम
गंगधार कस्बे के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को शिक्षक दिवस समारोह उत्साह और भावुक माहौल के बीच मनाया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने प्रथम कालांश से ही शिक्षकों की भूमिका निभाई। छात्राओं ने कक्षाओं में अध्यापन कार्य करने के साथ-साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति भी दर्ज की।
कक्षा 12 की छात्राएं सानिया बी., परिधि कंवर, अल्फिया, नीतू, नाजिया, नाजमीन, अक्षरा, वेदिका और अलशिफा ने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम में विशेष योगदान दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य लालचंद सोनी ने बताया कि छात्राओं के अनुरोध पर 8 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाने की अनुमति दी गई। उन्होंने बताया कि 5 और 7 सितंबर को अत्यधिक बारिश के कारण विद्यार्थियों का अवकाश था, जिसके चलते विद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह 8 सितंबर को आयोजित किया गया।
छात्राओं ने स्वयं जुटाई राशि
समारोह की खास बात यह रही कि छात्राओं ने स्वयं थोड़ी-थोड़ी राशि एकत्रित कर कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद छात्राओं ने उनके जीवन और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंच पर छात्राओं ने विद्यालय के प्रत्येक शिक्षक की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।
शिक्षकों को भेंट किए उपहार
इस अवसर पर छात्राओं ने विद्यालय के स्टाफ सदस्यों रूपचंद मीणा, पुखराज मीणा, पवन कुमार जांगिड़, हिना खानम, रामेश्वर गुर्जर, तेजपाल गुर्जर, पूजा देवी, वर्षा वर्मा, मुकेश बाई मीणा, अर्चना दीया, कपिल कुमार, मोहनलाल वर्मा, राहुल मेहर, हरिशंकर बैरवा, हर्षन्ना श्रीवास्तव, दीपक गोदिया और छोटू मीणा को उपहार भेंट कर अपना आभार व्यक्त किया।
छात्राओं द्वारा शिक्षकों के सम्मान में किए गए इस आयोजन ने पूरे विद्यालय का माहौल भावुक कर दिया। कार्यक्रम के अंत में छात्राएं और शिक्षकगण भाव-विभोर नजर आए।















































