लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कठूमर में भूमिगत फाइबर केबल डालने के बाद सड़क की ठीक से नहीं हुई भराई, बाइक सवार की पत्नी गिरी और हुई घायल
कठूमर, अलवर। कस्बे के मुख्य बाजार के मुहाने पर सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। दीपक बंसल की दुकान के पास भूमिगत फाइबर केबल डालने के बाद सड़क की ठीक से भराई नहीं होने से बारिश के दौरान मिट्टी धंस गई और सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए। इससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है।
यह मार्ग अहिंसा सर्किल से लक्ष्मणगढ़ रोड होते हुए गणेश मंदिर मार्केट की ओर जाता है और कस्बे के मुख्य आवागमन वाले रास्तों में शामिल है। स्थानीय लोगों के अनुसार एक निजी टेलीकॉम कंपनी ने मशीन से सड़क की खुदाई कर भूमिगत पाइपलाइन डाली थी।
मिट्टी डालकर छोड़ दिया, बारिश में फिर धंसी सड़क
स्थानीय लोगों का आरोप है कि केबल और पाइपलाइन डालने के बाद खुदाई वाले हिस्से को निर्धारित तरीके से मजबूत नहीं किया गया। गड्ढों में केवल मिट्टी डालकर काम पूरा कर दिया गया। बारिश होने के बाद मिट्टी धंस गई और सड़क पर दोबारा गड्ढे बन गए।
सड़क पर बने इन गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थान दुर्घटना का कारण बन रहा है।
बाइक गड्ढे में जाने से महिला घायल
स्थानीय निवासी संजीव बंसल और संजय कुमार जैन के अनुसार बुधवार को कांकरोली निवासी एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गुजर रहा था। इसी दौरान बाइक गड्ढे में चली गई और पीछे बैठी उसकी पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब एक सप्ताह में इस मार्ग पर कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत और गड्ढों को भरने की दिशा में अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
खुले गड्ढे में गिर चुका है गोवंश
लोगों के अनुसार 22 अगस्त को पंचायत समिति के सामने बने खुले गड्ढे में एक गोवंश भी गिर गया था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सड़क पर खुले पड़े गड्ढे किस तरह लोगों और पशुओं के लिए खतरा बने हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और टेलीकॉम कंपनी से सड़क की खुदाई वाले हिस्से की दोबारा तकनीकी तरीके से भराई कराने, गड्ढों को तत्काल बंद करने और सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल करने की मांग की है।
एसडीएम ने कार्रवाई का दिया भरोसा
मामले को लेकर एसडीएम श्याम सुंदर चेतीवाल ने कहा कि संबंधित विभाग और फर्म से आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
अब देखने वाली बात यह है कि प्रशासन कब तक सड़क के गड्ढों को दुरुस्त करवाता है। क्योंकि मुख्य बाजार के इस व्यस्त मार्ग पर यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो बारिश के बीच यहां बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।




















































