लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
महिलाओं के बीच घुल-मिलकर फेस्ट का लिया आनंद, म्यूजिकल चेयर में भी लिया हिस्सा; महिला उद्यमियों की स्टॉल्स की सराहना
अजमेर। अजमेर में रविवार को आयोजित मातृशक्ति मानसून फेस्ट-2026 में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का सहज और अलग अंदाज देखने को मिला। अजमेर दक्षिण विधायक अनीता भदेल के आतिथ्य में आयोजित फेस्ट में पहुंचीं उपमुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने महिलाओं के साथ घुल-मिलकर मेले का जमकर आनंद लिया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों की ओर से उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। फेस्ट में उन्होंने झूले पर बैठकर आनंद लिया और महिलाओं के साथ विभिन्न गतिविधियों में शामिल हुईं। इस दौरान विधायक अनीता भदेल भी उनके साथ मौजूद रहीं। उपमुख्यमंत्री का सहज अंदाज देखकर वहां मौजूद महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया।
म्यूजिकल चेयर में लिया हिस्सा, महिलाओं का बढ़ाया उत्साह
दिया कुमारी ने फेस्ट में आयोजित म्यूजिकल चेयर कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने महिलाओं का उत्साह बढ़ाया और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया।
मेले में उपमुख्यमंत्री ने गोलगप्पों का भी स्वाद लिया। उन्हें अपने बीच देखकर महिलाओं ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया और उनके साथ तस्वीरें भी लीं।
महिला हुनर और स्वावलंबन की सराहना
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि मातृशक्ति मानसून फेस्ट का आयोजन बहुत अच्छा हुआ है और महिलाओं में भी इसे लेकर काफी उत्साह दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की ओर से लगाई गई विभिन्न स्टॉल्स पर अपने हाथों से तैयार की गई सामग्री लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के भीतर प्रतिभा और हुनर की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उनके हुनर को मंच मिले और समाज उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करे। महिला उद्यमिता और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बड़ी संख्या में महिलाओं ने लिया हिस्सा
मातृशक्ति मानसून फेस्ट में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों, स्टॉल्स और आयोजनों के चलते पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, आर्य कॉलेज की निदेशक पूजा अग्रवाल और पारुल नय्यर सहित क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।


















































