लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कार्यकर्ताओं ने टिकट को लेकर रखी मांग
विधायक हमीर सिंह भायल बोले- टिकट किसी को भी मिले, भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर सभी 25 वार्डों में जीत के लिए करें काम
समदड़ी। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने समदड़ी कस्बे में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। कस्बे के पेट्रोल पंप के पास भाजपा नगर मंडल नगर पालिका चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की।
कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर विधायक हमीर सिंह भायल, पूर्व विधायक कान सिंह कोटड़ी, जिला भाजपा प्रवक्ता सोहन सिंह भायल तथा पोकरण और जैसलमेर से आए चुनाव पर्यवेक्षकों ने मां सरस्वती, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी एवं अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद चुनाव कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यकर्ताओं ने पर्यवेक्षकों के सामने रखी टिकट की मांग
कार्यक्रम से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यकर्ताओं ने पर्यवेक्षकों के सामने मांग रखी कि लंबे समय से पार्टी के लिए समर्पित भाव से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को ही आगामी नगर निकाय चुनाव में टिकट दिया जाना चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जो लोग पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाते आए हैं और संगठन के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं, उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर मिलना चाहिए।
चुनाव पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि पार्टी में लंबे समय से निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने वाले कार्यकर्ताओं की दावेदारी पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
17 में से 17 सीटों की जीत का दिया उदाहरण
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हमीर सिंह भायल ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछले पंचायती राज चुनाव में पार्टी ने 17 में से 17 सीटें भाजपा की झोली में डाली थीं। इसी तरह आगामी नगर निकाय चुनाव में भी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना है।
उन्होंने कहा कि टिकट मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं को डोर-टू-डोर और घर-घर जाकर जनता से संपर्क करना होगा और समदड़ी नगर पालिका के सभी 25 वार्डों में भाजपा को जीत दिलाने के लिए काम करना होगा।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि टिकट किसी भी कार्यकर्ता को मिले, बाकी कार्यकर्ताओं को निराश या हताश होने की जरूरत नहीं है। सभी को एकजुट होकर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी का समर्थन करना है और उसे भारी बहुमत से विजयी बनाकर भाजपा की झोली में सीट डालनी है।
संगठन की मजबूती पर जोर
भाजपा नेताओं ने आगामी चुनाव में संगठन की एकजुटता को सबसे महत्वपूर्ण बताया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय होकर मतदाताओं से संपर्क करने और सरकार की योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र बोराणा, भाजपा नगर मंडल उपाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, जिला अध्यक्ष पारस प्रजापत, पूर्व जिला किसान मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष खेताराम चौधरी सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यालय उद्घाटन के साथ ही समदड़ी में भाजपा का नगर निकाय चुनाव अभियान औपचारिक रूप से गति पकड़ता नजर आया।

















































