लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
94 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली मनीषा झाला को 15,300 रुपए की प्रोत्साहन राशि
सरपंच प्रतिनिधि धीरज सिंह ने प्रार्थना स्थल पर टिनशेड बनवाने की घोषणा की, शिक्षकों ने छात्रा को हवाई यात्रा के लिए दिए 15,300 रुपए
उन्हेल, झालावाड़। झालावाड़ जिले के उन्हेल क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बेड़ला में सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान करने के साथ विद्यालय के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।
कार्यक्रम के दौरान भामाशाह एवं सरपंच प्रतिनिधि धीरज सिंह ने विद्यालय के प्रार्थना स्थल पर विद्यार्थियों की सुविधा के लिए टिनशेड बनवाने की घोषणा की।
94 प्रतिशत अंक लेकर पंचायत समिति स्तर पर दूसरा स्थान
समारोह में विद्यालय की होनहार छात्रा मनीषा झाला की उपलब्धि पर उसे सम्मानित किया गया। मनीषा ने वर्ष 2026 में आयोजित कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पंचायत समिति स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय के तीन शिक्षकों ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए हवाई यात्रा करवाने की घोषणा की थी।
इसी घोषणा के तहत व्याख्याता शैलेष सोलंकी, वरिष्ठ अध्यापक कुंजबिहारी निगम और अध्यापक राजेंद्र रणवा ने मनीषा झाला को हवाई यात्रा के लिए 5,100-5,100 रुपए, कुल 15,300 रुपए की राशि भेंट की।
प्रधानाचार्य ने प्रस्तुत किया वार्षिक प्रतिवेदन
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य जुनेद सामी खान ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।
समारोह का मंच संचालन प्रमोद जैन, भगवान सिंह एवं पूजा झाला ने किया। कार्यक्रम के अंत में व्याख्याता दिनेश मीणा ने अतिथियों, विद्यालय परिवार और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के साथ विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले भामाशाह और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की गई।
















































