लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार क्षेत्र में सोयाबीन की फसल में फूल आने के बीच कीटों का हमला, किसान कर रहे बचाव के प्रयास
गंगधार, झालावाड़। झालावाड़ जिले के गंगधार क्षेत्र में बारिश की लंबी खेंच ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में सोयाबीन की फसल अब फूल आने की अवस्था में पहुंच गई है, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से फसल पर इल्लियों और अन्य कीटों का प्रकोप देखा जा रहा है।
किसानों का कहना है कि इस सीजन में पहले कई जगह अधिक बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया था और खेत तालाब में तब्दील हो गए थे। इससे सोयाबीन की फसल गलने लगी थी। अब बारिश थमने और मौसम में नमी की कमी के कारण फसल पर कीटों का हमला बढ़ गया है।
सोयाबीन में पत्ती काटने वाले कीट का प्रकोप
क्षेत्र में खरीफ फसल सोयाबीन में पत्ती काटने वाले कीट और चक्रभंग का प्रकोप देखा जा रहा है। वहीं मक्का की फसल में भी इल्ली का असर सामने आया है। इससे किसानों को फसल की सुरक्षा को लेकर चिंता सता रही है।
किसानों के अनुसार सोयाबीन फिलहाल फूल आने और फलन की महत्वपूर्ण अवस्था में है। ऐसे समय में कीटों का प्रकोप फसल की उत्पादकता को प्रभावित कर सकता है।
समन्वित कीट नियंत्रण पर जोर
किसान बंशीलाल राठौड़ ने बताया कि फसलों को कीटों से बचाने के लिए समन्वित कीट नियंत्रण के उपाय किए जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि फसल अभी फलन की अवस्था में है, इसलिए समय रहते कीटों की रोकथाम जरूरी है।
बारिश की स्थिति और कीट प्रकोप को देखते हुए किसान अब अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ताकि खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहे और सोयाबीन सहित अन्य खरीफ फसलों को राहत मिल सके।




















































