लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का पर्व हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों और देशभक्त विभूतियों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिवस देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान भी ‘विकसित राजस्थान-समृद्ध राजस्थान’ के लक्ष्य के साथ प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ युवाओं को रोजगार, किसानों की खुशहाली, महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तीकरण तथा गरीब एवं वंचित वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। 
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जल संरक्षण जैसे जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आग्रह किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशवासियों की एकजुटता, परिश्रम और संकल्प शक्ति से राजस्थान विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
बीकानेर में करेंगे ध्वजारोहण
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 15 अगस्त को बीकानेर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह में शामिल होंगे। वे सुबह 9:05 बजे डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री सुबह 8:30 बजे स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में झंडारोहण करेंगे। इसके बाद 8:55 बजे शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे।
मुख्यमंत्री सुबह 11:25 बजे जल विज्ञान एवं जल प्रबंधन संस्थान सभागार में आयोजित ‘युवा संवाद : विकसित राजस्थान 2047’ कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर में वे नाल एयरपोर्ट से जयपुर के लिए रवाना होंगे।
















































